Wednesday 24 October 2018

रमन ने किया नामांकन पत्र दाखिल, सभा में योगी गरजे





विवाद या संकट की स्थिति में राहुल इटली चले जाते हैं : योगी
(विशेष संवाददाता)
राजनांदगांव, छत्तीसगढ़। "जब भी भारत पर कोई विवाद या संकट की स्थिति आती है तो राहुल गांधी को नानी याद आ जाती है और वे ननिहाल इटली चले जाते हैं। तब उन्हें देश और छत्तीसगढ़ याद नहीं आता।" यह तंज उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यहां मंगलवार को आयोजित छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह की नामांकन-सभा के दौरान कसा।
उन्होंने अपने भाषण यह भी कहा कि हम भगवान राम की जन्मभूमि से भगवान राम के ननिहाल आये हैं। छत्तीसगढ़ से हमारा भावनात्मक रिश्ता है। ननिहाल में भगवान श्री राम का भव्य मंदिर बन गया है। इसमें कोई संदेह नहीं कि जन्मभूमि पर भी जल्द ही श्री राम का भव्य मंदिर बनेगा। योगी ने कांग्रेस को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि कांग्रेस नहीं चाहती कि रामजन्मभूमि पर राम मंदिर बने। वह हमेशा से इसकी विरोधी रही है। कांग्रेस ने हमेशा क्षेत्र, जाति और तुष्टिकरण की नीति के नाम पर देश को तोडऩे की कोशिश की है। जवाहर लाल नेहरू ने कहा था कि वे दुर्घटनावश हिन्दू हैं और उनकी चौथी पीढ़ी अब मंदिरों तक जा रही है। विपक्षी नेताओं पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक भारत, श्रेष्ठ भारत का सपना कुछ लोगों को पसंद नहीं आ रहा है।
 योगी ने रमन सिंह की तारीफ़ करते हुए दावा किया कि छत्तीसगढ़ को डॉ. रमन सिंह ने विकास के मॉडल के रूप में सारे देश के सामने प्रस्तुत किया है और यहां उनके नेतृत्व में लगातार चौथी बार सरकार बनना अटल है। रमन सिंह ने विकास का जो मॉडल तैयार किया है वो छत्तीसगढ़ को एक नई पहचान दिलाएगा। छत्तीसगढ़ का पीडीएस सिस्टम पूरे देश के लिए एक आदर्श बन गया है।जिसे हमने उत्तरप्रदेश में भी लागू किया है। छत्तीसगढ़ का किसान मॉडल भी हमने अपनाया जिससे उत्तरप्रदेश में किसान खुशहाली की और आगे बढ़ रहे हैं। छत्तीसगढ़ की तरह हम भी किसानों को उनकी उपज का वाजिब दाम उनके बैंक खाते में सीधे डाल रहे हैं। जब मैं मुख्यमंत्री बना तो मैंने छत्तीसगढ़ में अपनी टीम भेज कर यहां की योजना का अध्ययन करा कर उत्तरप्रदेश में लागू कराया था।
योगी आदित्यनाथ ने मोदी सरकार और छत्तीसगढ़ सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं और जन सरोकारों का जिक्र करते हुए कार्यकर्ताओं से कहा कि दुश्मन को कभी कमजोर नहीं समझना है और आखिरी किला फतह करने तक रुकना नहीं है। उन्होंने बजरंग बली का स्मरण करते हुए कहा कि राम काज कीजै बिनु मोहि कहां विश्राम। अब विजय प्राप्त करने तक एक क्षण भी रुकना नहीं है। योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह सहित राजनांदगांव जिले के सभी भाजपा प्रत्याशियों को जीत का आशीर्वाद प्रदान किया।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने सभा को संबोधित करते हुए भरोसा जताया कि जनता के उत्साह को देख कर मैं आश्वस्त हूँ कि भाजपा इस चुनाव में 65 प्लस सीट जीत कर निश्चित ही इतिहास रचेगी। राजनांदगांव क्षेत्र की सभी छह सीट भी हम जीतेंगे। उम्मीद है कि जनता का आशीर्वाद, प्रेम और समर्थन हमें आगे भी मिलता रहेगा। अपने भाषण से पूर्व उन्होंने क्षेत्र के सभी भाजपा प्रत्याशियों का परिचय कराते हुए उन्हें भी  जिताने का आग्रह किया।
मंगलवार को यहां तय शुभ मुहूर्त में नामांकन पत्र दाखिल करने के पूर्व मुख्यमंत्री ने अपने बंगले में तीन पुरोहितों के मंत्रोच्चारण के बीच विधिवत पूजा पाठ भी किया। फिर परिजनों सहित योगी आदित्यनाथ के चरण स्पर्श कर कलेक्ट्रेट में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस अवसर पर योगी आदित्यनाथ, भाजपा के प्रदेश प्रभारी अनिल जैन, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक, मंत्री प्रेमप्रकाश पांडे, श्रीमती वीणा सिंह, सांसद पुत्र अभिषेक सिंह आदि उपस्थित थे।

No comments:

Post a Comment