Monday 5 November 2018

अराजक, स्याह समय में सच लिखना जोखिम भरा काम : डा. सक्सेना



नामचीन पत्रकार-साहित्यकार से ख़ास बातचीत
बिलासपुर, छत्तीसगढ़। "अराजक और स्याह समय में सच को लिखना बहुत जोखिम भरा काम होता है। वैसे भी ज़िंदगी अपने आप में एक जोखिम है। जहां तक व्यावसायिक और साहित्यिक पत्रिकाओं में अंतर का सवाल है, तो इन दोनों में काफी मूलभूत अंतर है। अंतर प्रयोजन और सरोकारों का है। आप मुनाफ़े के लिए कोई पत्रिका निकालते हैं, तो लोकहित और प्रतिबद्धता को बलाये ताक रख देते हैं। यह व्यावसायिक पत्रकारिता है। लेकिन यदि सरोकारों से जुड़ कर आप अधिनायकवाद और लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी भूमिका निभाना चाहते हैं, तो व्यावसायिक पत्रिका के जरिये अपने प्रयोजन, अभिष्ट साध नहीं सकते। साहित्यिक पत्रिका निकालने के लिए दुस्साहसिक रास्ता चुनना पड़ेगा। यह कठिन काम है।" यह विचार नामचीन पत्रकार-साहित्यकार डा. सुधीर सक्सेना ने बिलासपुर प्रवास पर  शनिवार, 3 नवम्बर को न्यूज़ पोर्टल "एएम पीएम टाइम्स" को दिए गए विशेष साक्षात्कार के दौरान व्यक्त किये।
 लखनऊ में जन्में डा. सक्सेना अभी दिल्ली में रहते हैं। वे वर्तमान में प्रसिद्ध सामयिक मासिक पत्रिका "दुनिया इन दिनों" के प्रधान सम्पादक हैं। पत्रकारिता और साहित्य जगत के वे महत्वपूर्ण हस्ताक्षर हैं। सामयिक पत्रिका "माया" से वे बतौर ब्यूरो प्रमुख, राजनैतिक सम्पादक लगभग ढाई दशक तक जुड़े रहे। बिलासपुर के दैनिक लोकस्वर से भी वे शुरूआती दिनों में जुड़े थे। इसके अलावा दैनिक महाकोशल, आज, जागरण आदि अख़बारों, संवाद समिति समाचार भारती, हिंदी पोर्टल वेब दुनिया, राज टीवी आदि से भी संबद्धता रही। वॉयस ऑफ अमेरिका के लिए भी वे नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। लघु पत्रिका अभिव्यक्ति (नागपुर), अभी (कानपुर), और दैनिक साँझ तक (भोपाल) का सम्पादन भी किया। वे साप्ताहिक इंडिया न्यूज़ (दिल्ली) के संस्थापक सम्पादक और राष्ट्रीय हिंदी मेल (भोपाल) के सलाहकार सम्पादक  रहे हैं। डा. सक्सेना ने विज्ञान और पत्रकारिता में डिग्री, लोक प्रशासन और हिंदी साहित्य में स्नातकोत्तर उपाधि, रूसी भाषा तथा ट्राइबल आर्ट्स एण्ड कल्चर में डिप्लोमा हासिल किया है। सबल्टर्न स्टडीज में इनकी गहरी रुचि रही है। इन्होंने आजादी की लड़ाई में आदिवासियों की शिरकत पर शोध कार्य कर पीएचडी की। बालकृष्ण शर्मा नवीन फेलोशिप प्राप्त डा. सक्सेना ने उज़्बेकिस्तान, अर्मीनिया, रूस समेत पूर्व सोवियत संघ, नेपाल, हांगकांग, चीन, जापान, मलेशिया, थाईलैंड, साउथ अफ्रीका, मिस्र, इथियोपिया, इस्रायल, तुर्की, श्रीलंका आदि देशों की यात्राएं कर विविध अनुभव हासिल किये हैं।
पत्रकारिता के साथ ही साहित्य सृजन के क्षेत्र में भी वे निरन्तर जुटे रहते हैं। कविता, इतिहास लेखन, अनुवाद और सम्पादन में वे एक साथ सक्रिय हैं। इनकी लंबी कविताओं की पुस्तक "बीसवीं सदी, इक्कसवीं सदी", "धूसर में बिलासपुर" बेहद चर्चित रही। कविता संग्रह "बहुत दिनों के बाद, समरकंद में बाबर, काल को भी नहीं पता, राज जब चंद्रमा बजाता है बांसुरी, किरच-किरच यक़ीन, ईश्वर हां नहीं तो तथा कुछ भी नहीं अंतिम" पर देश भर काफी चर्चा हुई। अनुदित कृति "कभी न छीने काल (कायसिन कुलियेव), स्मृति गाथा (येगोर इसायेव), एक अव्वल चमत्कार (सदी की पोलिश कवितायें) के अतिरिक्त सह अनुवाद बतौर "अर्द्ध रात्रि में पक्षी की आवाज़ (ओसिप मंदेलश्ताम - अनिल जनविजय के साथ) ब्राजील की कवितायें सराही गई। कविता पोस्टर : स्टीफेन स्पेंडर की कवितायें भी समालोचकों ने पसन्द की। गद्य कृतियाँ "मध्य प्रदेश में आजादी की लड़ाई और आदिवासी, भूमकाल, ऐसे आये गांधी, छत्तीसगढ़ में गांधी, बस्तर का भूचाल, गुण्डाधूर : युयुत्सु महानायक" की चर्चा आज भी होती है। डा. सुधीर सक्सेना को सोमदत्त सम्मान, पुश्किन अवार्ड, माधवराव सप्रे पुरस्कार, वागेश्वरी अलंकरण, जिपलेप, सृजन गाथा, त्रिसुगंधी, लाल बलदेव सिंह और प्रमोद वर्मा सम्मान से नवाज़ा जा चुका है।
 लंबी कविता की पुस्तक "धूसर में बिलासपुर" (प्रकाशक - लोकमित्र, दिल्ली, वर्ष 2015) की प्रस्तावना में डा. सुधीर सक्सेना ने लिखा है -"इसमें बिलासपुर की याद है, बिलासपुर के अक्स हैं, सपने हैं, चेहरे हैं, मोहरे हैं, मोहल्ले हैं, बदलती फिज़ा और बहुत कुछ है। मैं बिलासपुर आया था सन् 80 के शुरूआती दिनों में। यकीन कीजिये कि मैं फिर यहां से गया ही नहीं। मैं यहीं छूट गया। भोपाल और दिल्ली गया मैं तबसे यहीं छूटा हुआ हूँ। यहां से कहीं और न जाने के लिए। अपनत्व और यकीन की सिमटती दुनिया में बिलासपुर एक यकीन है। बचा हुआ अपनापन है। श्वेत और श्याम के दरम्यां एक खूबसूरतअत धूसरपन है। वह खूबसूरत लगता है कि वहां न तो चौंधियाती सफेदी है न ही डरावना कालापन।"
उन्होंने अपनी इस लम्बी कविता में बिलासपुर के राजनैतिक परिदृश्य पर लिखा है -"कविता की आँख से देखो तो/ सारे के सारे पोस्टर धूसर हैं/ धूसर हैं सारे होर्डिंग्स/ धूसर हैं सारे चेहरे/ और तो और, धूसर है सारा बिलासपुर/ आज से नहीं/ मुद्दत से/ सियासत शगल है शहर का/ शहर की तासीर में घुली है सियासत/ जैसे हवा में घुली रहती है गंध/ या कि पानी में गुंथी रहती है/ हाइड्रोजन और ऑक्सीजन/ या फिर प्याज में बसी रहती है गजब की धांस/ शहर में कमी नहीं है पोस्टर-ब्वॉयों की/ और तो और पोस्टर-गर्ल भी नहीं गैरमौजूद/ गौर से देखें तो/ पोस्टर में गोलमटोल बेमूँछ चेहरा धूसर है/ और धूसर है दर्प में डूबे राजसी चेहरे की/ कभी दांव पर लगी ताव खाई मूँछें/ धूसर है सारे पौर/ यहां तक कि महापौर भी।"
बिलासपुर के पुराने मित्र पत्रकार, साहित्यकार, कलाविद, नेताओं पर भी उन्होंने लिखा है -" वो देखो/ शाम के अखबार के बोगदे में सवार हैं नथमल/ प्रताप ठाकुर के कानों में अभी भी गूंजती है/ क्लिक-क्लिक की आवाज/ लोकल खबरों की गर्माहट में भीगे हैं/ प्राण चड्ढा, दिनेश ठक्कर और सईद खान/ बिलासपुर के कर्ण कुहर में तैरते हैं/ श्यामलाल चतुर्वेदी के कोमल बैन/ शाकिर अली के बैग में है/ फाइलें कम, किताबें ज्यादा/ वो देखो, विनोद चौबे की याद में/ किस कदर डबडबाये हैं नगर के नैन/ वो देखो/ पाली में प्राण-प्रतिष्ठा के लिए/ अभी भी किस कदर बेचैन हैं कथाकार सतीश जायसवाल/ वो देखो/ राउत-महोत्सव के लिए कालीचरण यादव का समर्पण/ अमल में भले नहीं, अलबत्ता जेहन में/ फड़फड़ाती शहर के उन्नयन की योजनाएं लिए/ फिरते हैं डा. बद्री जायसवाल/ क्षिति की चिंता में डूबी/ क्षितिज के पार देखती दिखाई देती है/ बाज वक्त/ वाणी राव/ सुनो/ सूरज बाई खांडे ने अभी-अभी छेड़ी है/ भरथरी की तान/ उसी के वास्ते ठिठकी है हवा/ पुरखों के आशीर्वचन झरते हैं आसमान से।"
इस किताब पर अपनी टिप्पणी में वरिष्ठ साहित्यकार राजेश जोशी ने लिखा है-"यह एक शहर की स्मृतियों का एलबम है। एक ऐसा एलबम जिसमें कविता की बीनाई से देखे गए चित्र हैं। इतिहास और पौराणिक आख्यानों से लेकर आज तक के अनेक चित्र। कविता शहर के बदलते हुए समय की बही को बाँचती है। इस बही में अंकित हैं अनेक उजले और स्याह नाम।"
उल्लेखनीय है कि डा. सुधीर सक्सेना के व्यक्तित्व और कृतित्व पर पत्रिका "दुनिया इन दिनों" के एसोशिएट सम्पादक (वरिष्ठ) रईस अहमद लाली के सम्पादन में  पुस्तक "जैसे धूप में घना साया" (प्रकाशक - लोकमित्र, वर्ष 2018) प्रकाशित हुई है। इसमें 24 रचनाकारों के आलेख हैं। इसमें डा. सुधीर सक्सेना के महत्व को विश्लेषित करते हुए रईस अहमद लाली ने लिखा है-"उनका साहित्यिक अवदान किसी भी कथित बड़े साहित्यकार या जनवादी-लोकधर्मी परम्परा के वाहक कवियों से किसी भी हद में कमतर नहीं। लोग भले ही आज अपनी अपनी हदबंदियों के कारण, अपने अपने नफे-नुकसान के चलते इसे स्वीकार करने से कतरा रहे हैं, लेकिन कभी न कभी उन्हें इस सच्चाई को स्वीकार करना ही होगा। सुधीर सक्सेना ने कभी अपने आपको, अपनी रचना को नारों तक सीमित नहीं रखा। उन्होंने लोक के विस्तार में चीजों को देखने और उसे कलमबंद करने की कोशिश की है।"
डा. सुधीर सक्सेना की काव्य-कृति "ईश्वर हाँ, नहीं ... तो" से भी स्पष्ट होता है कि वे खुले विचारों के हैं। प्रख्यात चित्रकार-लेखक अखिलेश ने इसमें अपनी टिप्पणी में लिखा है -" इन कविताओं में एक सच्चाई और सीधे संवाद की कोशिश दिखाई देती है। वे ईश्वर से झगड़ा करते हुए अपने होने के बारे में भी है। इन कविताओं का देशकाल शब्द में है, किसी बाहरी सन्दर्भ में नहीं। इन कविताओं की आतंरिक संरचना मुखर होकर पाठक को व्यथित करती है।ये कवितायें पूर्णतः एक भारतीय मनस की कल्पना है।"
"ईश्वर हाँ, नहीं ... तो" के अध्याय तेरह में डा. सुधीर सक्सेना लिखते हैं "खोटे सिक्कों के वर्चस्व के युग में/ माना कि हम तुम्हें ख़ारिज नहीं कर सकते/ प्रभु ! / किन्तु कितना कुछ शको-शुबहा है/ तुम्हें लेकर/ सदियों की मुंडेर पर/ सब्ज़े सा उगा हुआ/ पोथियों में तुम नहीं/ तुम्हारे चमत्कार हैं/ मंदिरों में तुम नहीं/ तुम्हारे बुत हैं/ इबादतगाहों में नहीं हैं, तुम्हारे होने की तस्वीर/ मठों में मंत्र और यंत्र हैं/ तुम नहीं, तुम्हारे अलग-अलग आसनों की छवियाँ/ कहीं भी/ रोग-शोक दूर नहीं होता/ दूर नहीं होती विपत्ति या विपन्नता/ न जाने कौन सी शती थी/ जब ईश्वरीय शक्तियों से तुम/ च्युत हुए/ ईश्वर ! "
डा. सुधीर सक्सेना अपने साहित्य सृजन में जितने स्पष्टवादी हैं, उतने ही स्पष्ट विचार उन्होंने भेंटवार्ता के दौरान भी व्यक्त किये। अपनी सृजन यात्रा के बारे में उन्होंने बताया कि, "सफ़र की शुरूआत करीब 63 साल पहले लखनऊ से होती है, जहां मैंने जन्म लिया था। मेरे परिवार में साहित्य, कला, संस्कृति का माहौल था। पिताजी, चाचाजी स्वयं कवि थे। वे पारम्परिक छंदबद्ध कविता से जुड़े थे। पिताजी की कवितायें पत्रिका "विशाल भारत" आदि में छपा करती थी। मेरा बचपन लखनऊ में बीता। रायबरेली में प्राथमिक पाठशाला में पढ़ा। इसके बाद आगरा, नागपुर, दिल्ली, कानपुर, रायपुर, बिलासपुर, भोपाल, दिल्ली की यात्राएं लगातार होती रही। एक पाँव दिल्ली में  तो दूसरा पाँव भोपाल में। जहां तक कविता लिखने की शुरूआत की बात है, तो कविता से पहला रिश्ता बचपन में ही जुड़ गया था, जब मैं काव्य गोष्ठी और कवि सम्मेलनों में सुनने जाता था। माँ किताबों को पढ़ने की शौक़ीन थी। माँ के लिए लाइब्रेरी से उपन्यास और अन्य विधाओं की किताबें लाया करता था, जिसे मैं, मेरे भाई बहन भी पढ़ते थे। मैंने पहली कविता तब लिखी थी, जब आगरा में हाई स्कूल का छात्र था। वे कवितायें पढ़ी हुई कविताओं का अनुकरण थी। फिर 70 के दशक में जब मैं नागपुर गया, तब ऎसे मित्रों के संसर्ग में आया, जिनसे मुझे ज्ञात हुआ कि कविता क्या होती है। मैंने पाया कविता दुखों से ऊपर की चीज है। वह संवेदनाओं की अभिव्यक्ति है। बेहतर कविता के लिए विचार, सरोकार स्पष्ट होने चाहिए। 77 के दशक में मैं आपातकाल के दौरान पत्रकारिता से जुड़ा। यदि 19 माह की इमरजेंसी नहीं लगी होती तो मैं संभवतः पत्रकारिता से उन्मुख नहीं होता। किसी शासकीय नौकरी में चला गया होता। उससे जीविकोपार्जन कर रहा होता। लेकिन लिखना नहीं छोड़ता। नागपुर में मित्रों विशेषकर विनायक कराडे की सोहबत, उनके साथ अनवरत विमर्श, जिरह के बाद मैंने लेखन का रास्ता चुना जो आज तक बदस्तूर जारी है। पत्रकारीय लेखन, मौलिक लेखन, इतिहास लेखन, अनुवाद, उपन्यास, कवितायें, यात्रा वृत्तांत, डाक्यूमेशन लिखने का सिलसिला जारी है। हिंदी के अनन्य सेवक सेठ गोविन्ददास के जीवन पर आधारित शोधपरक उपन्यास लिखा। "गोविन्द की गति गोविन्द" लिखा। इस बीच मेरी कविताओं का अनेक भाषाओं में अनुवाद हुआ। अलबत्ता मैंने भी ब्राजील, रूस, स्वीडन, पोलेंड, इराक आदि देशों के रचनाकारों की कविताओं का अनुवाद किया। मुझे लगता है कविता ने मुझको चुना। मैंने साहित्य को चुना है। यह रिश्ता आजीवन निभेगा। बिना लिखे , पढ़े,  सोचे मैं नहीं रह सकता। इसके बिना अपने जीवन की कल्पना नहीं कर सकता। लेखन ही मेरा जीवन है।"
आप पत्रकारिता, कविता, अनुवाद, सम्पादन, इतिहास लेखन आदि से संलग्न हैं, इन सबके साथ न्याय कैसे कर पाते हैं? जवाब था " अगर आप किसी चीज से गहरे जुड़े हैं, तो न्याय अन्याय की बात नहीं उठती। अगर साहित्य जरूरत बन जाती है, तो उससे गहरे जुड़ जाते हैं। अभिव्यक्ति की छटपटाहट, उसकी तीव्रता होती है, जिसके कारण आप लिखते हैं। जो कविता में छूटता है, आप उसे अन्य विधा में कहते हैं। शब्दों, रंगों, शिल्प आदि में आप अपने को व्यक्त करते हैं।"
विश्व कविता और हिंदी कविता के स्तर में आप क्या अंतर महसूस करते हैं? डा. सक्सेना ने कहा " देशकाल, परिस्थितियों से जुड़ कर कविता महान होती है। स्थानीय हुए बगैर आप वैश्विक नहीं हो सकते। भारत, स्पेन, अफ्रीका, लेटिन अमरीका के सन्दर्भ अलग अलग होते हैं। बिलासपुर, रायपुर, आदि जगहों में लिखी जा रही कविता विश्व कविता का ही अंश है। भारतीय कविता कहीं न कहीं विश्व कविता से जुड़ती है। नेकी और बदी की लड़ाई में कविता हमेशा नेकी के साथ खड़ी रहती है। भारतीय कविता में संताप, आलाप, प्रतिरोध, जिरह, प्रेम, प्रार्थना भी है।"
साहित्य में प्रगतिशील और जनवादी लेखन की जगह के सवाल पर डा. सक्सेना का कहना था " अच्छा और सही लेखन हमेशा प्रगतिशील और जनवादी लेखन होता है। इसमें ठप्पा लगाने, इसे संगठन के साँचे में देखने की जरूरत नहीं है। जो मानवीय करूणा, संघर्ष के स्वर को जगह देता है वो प्रगतिशील लेखन होता है। हर युग में कवि अपने को उन शक्तियों के खिलाफ पाता है, जो अमानवीय और अराजक होती है। वो शक्तियां जो मनुष्य को मनुष्यता से युद्ध करने का षड्यंत्र रचती है।"
सोशल मीडिया में साहित्य की उपस्थिति पर इनका मंतव्य था, "सोशल मीडिया ने अपने लिए एक बड़ा स्पेस तलाशा है। जो अपने को व्यक्त करना चाहते हैं उसने उनको जगह दी है। यह एक सुलभ तरीका है। अब कागज़ की जरूरत, सम्पादक से संपर्क साधने की जरूरत, छपने का इंतजार करने की जरूरत नहीं रही। अब आप अपने को तुरंत व्यक्त कर सकते हैं। क्षणों में ही लाखों, करोड़ों लोगों तक पहुंच सकते हैं। सोशल मीडिया में अच्छी , बुरी दोनों चीजें आ रही हैं। सोशल मीडिया जितना शक्तिशाली, कारगर, प्रभावी है उतना उसमें कबाड़ भी आ रहा है। हालांकि इसकी बढती ताकत से इंकार भी नहीं किया जा सकता।"
आजादी की लड़ाई में आदिवासियों की शिरकत पर आपने पीएचडी की है, वर्तमान में बस्तर समेत अन्य क्षेत्र के आदिवासियों की क्या स्थिति आंकलित करते है? उन्होंने दुःख जताते हुए कहा "आजादी की लड़ाई में आदिवासियों के काम, योगदान को सही तरीके से रेखांकित नहीं किया गया है, चाहे वे आदिवासी शूरवीर बस्तर, झाबुआ या अन्य क्षेत्र के हों। बस्तर के आदिवासी नायक गुण्डाधूर को कितने लोग जानते हैं। चार आदिवासी नायक ऎसे हुए हैं, जो 1857 के स्वतंत्रता संग्राम से पहले बस्तर में शहीद हो गए थे। आदिवासी अंचल में एक लम्बी परम्परा रही है, जिसमें अनेक आदिवासी नायकों ने अपने प्राणों का उत्सर्ग किया है। हम दुर्भाग्य से उनके बारे में नहीं जानते। जहां तक अभी बस्तर की स्थिति का सवाल है, तो बस्तर अभिशप्त है, वह  दो पाटों के बीच पिस रहा है। एक तरफ वे शासकीय राजकीय व्यवस्था में दमन, शोषण, अनसुनापन के शिकार हैं तो दूसरी ओर नक्सलियों की हिंसा से पीड़ित हैं। लेकिन उम्मीद करना चाहिए कि वह दिन आएगा जब व्यवस्था बस्तर की संवेदनाओं को बुझेगी। उनकी आकांक्षाओं की पूर्ति की दिशा में कदम उठाये जाएंगे। हालांकि तात्कालिक तौर पर कोई रोशनी नज़र नहीं आ रही है।"
(भेंटवार्ता और चित्र दिनेश ठक्कर बापा द्वारा)

No comments:

Post a Comment